अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त हुआ लखनऊ विकास प्राधिकरण !
लखनऊ शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही जारी रखने के निर्देशों के क्रम मेंगोमती नगर के एक अवैध निर्माण को पुनः सील किया गया।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी द्वारा लखनऊ शहर में अवैध निर्माण ( Illegal construction ) के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही जारी रखने के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को गोमती नगर के विराज खण्ड में एक अवैध निर्माण को पुनः सील किया गया।
सोलर पैनल लगाने हेतु फैब्रिकेटिंग का कार्य किया जाएगा
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी/विहित प्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अरविंद कुमार उपाध्याय (हाउस मैटेरियल पैलेस) द्वारा भूखण्ड संख्या- सी0पी0-71 विराज खण्ड, गोमती नगर में स्वीकृत मानचित्र से अतिरिक्त निर्माण किया गया था। जिसके विरुद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या 266/2019 योजित किया गया था। बाद में 21/04/2022 को इस शर्त के साथ प्रश्नगत स्थल की सील एक सप्ताह के लिए खोली गयी थी कि विपक्षी द्वारा स्वीकृत मानचित्र से अतिरिक्त किए गए निर्माण/टीनशेड को हटाना होगा। साथ ही सोलर पैनल लगाने हेतु फैब्रिकेटिंग का कार्य किया जाएगा। लेकिन, सील खोले जाने के 45 दिन बीतने के बाद भी विपक्षी द्वारा स्थल पर उपरोक्त कार्य नहीं कराया गया।
पुनः सील किये जाने के आदेश दिये गये थे
इस पर उक्त निर्माण को पुनः सील किये जाने के आदेश दिये गये थे। इस आदेश के अनुपालन में आज सहायक अभियंता अजय गोयल के नेतृत्व में अवर अभियंता सुभाष शर्मा द्वारा प्राधिकरण की पुलिस बल व क्षेत्रीय थाना पुलिस बल के सहयोग से उक्त स्थल को सील कर दिया गया।