अब आसान होगा मुम्बई वासियों का सफर, कल PM Modi देंगे ये बड़ी सौगात !
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को बड़ी सौगात मिलने जा रही है, जिससे शहर में सफर करना आसान हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को...

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को बड़ी सौगात मिलने जा रही है, जिससे शहर में सफर करना आसान हो जाएगा। PM Modi गुरुवार को मुंबई में दो नई मेट्रो लाइनों का उद्घाटन करेंगे। इन मेट्रो लाइनों का शिलान्यास प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2015 में किया था। प्रधानमंत्री मोदी के इस समारोह की वजह से कल मुंबई मेट्रो 1 की सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
मुंबई मेट्रो 1 की सेवाएं कल शाम 05:45 बजे से शाम 7.30 बजे तक निलंबित रहेंगी। मुंबई मेट्रो 1 प्रबंधन ने यात्रियों से उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने का अनुरोध किया है। मुंबई मेट्रो 1 वर्सोवा और घाटकोपर के बीच चलती है। मेट्रो की इन दोनों लाइनों के शुरू होने से दहिसर से डीएन नगर और अंधेरी से दहिसर के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
प्रधानमंत्री मोदी मेट्रो लाइन 2ए और 7 का उद्घाटन करेंगे। यह प्रोजेक्ट 12,600 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। मेट्रो लाइन 2A दहिसर ईस्ट को डीएन नगर से जोड़ेगी। यह मेट्रो लाइन करीब 18.6 किलोमीटर लंबी है।
इस येलो लाइन पर चलने वाली मेट्रो से दहिसर ईस्ट से डीएन नगर आने-जाने वाले लोगों का सफर आसान हो जाएगा। इसके अलावा, मेट्रो 7 (रेड लाइन) अंधेरी ईस्ट को दहिसर ईस्ट से जोड़ेगी। इसकी लंबाई करीब 16.5 किलोमीटर है। येलो और रेड लाइन पर चलने वाले ये दोनों नए मेट्रो भारत में बनाए गए हैं।
मातोश्री के सामने मोदी के बड़े-बड़े कटआउट
प्रधानमंत्री मोदी कल मुंबई पहुंचने के बाद कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। मोदी उद्धव ठाकरे के घर के पास रैली भी करेंगे। मातोश्री के सामने मोदी के बड़े-बड़े कटआउट लगाए गए हैं। प्रधानमंत्री के दौरे की घोषणा के बाद बीएमसी चुनाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। बीएमसी के चुनाव पिछले मार्च से होने हैं। बीजेपी इस बार सालों से बीएमसी को कंट्रोल कर रही शिवसेना से छीनने की हर मुमकिन कोशिश करने को तैयार है।
हैशटैग भारत की हिन्दी वेबसाईट के लिए आप यहां www.hashtagbharatnews.com क्लिक कर सकते हैं। आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं।