#आजादी अमृत महोत्सव : 75 किलो का लड्डू बांटकर मनायी जाएगी आजादी की खुशियां !

हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत मार्केट के पूरे रूट पर तिरंगे लगाने के साथ ही आकर्षक सजावट की जाएगी और स्पीकर पर देशभक्ति गीत बजाये जाएंगे

आजादी अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर आयोजित किये जा रहे हजरतगंज कार्निवल में रंगारंग कार्यक्रमों की झड़ी लगेगी।

पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तय

इसमें म्यूजिकल बैंड, डांस, मैजिक और काॅमेडी शो समेत विभिन्न तरह के आयोजन होंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बुधवार को अधिकारियों, व्यापार मण्डल व जश्न-ए-आजादी ट्रस्ट के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करके पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तय की।

शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित

उपाध्यक्ष ने बताया कि हजरतगंज कार्निवल के अंतर्गत दिनांक 15, 16 व 17 अगस्त को शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इसके लिए मल्टीलेवल पार्किंग के पास एक बड़ा मंच बनाया जा रहा है। बैठक के दौरान उन्होंने हजरतगंज व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों के साथ सभी बिन्दुओं पर विचार-विमर्श किया।

स्पीकर पर देशभक्ति गीत बजाये जाएंगे

व्यापारियों द्वारा बताया गया कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत मार्केट के पूरे रूट पर तिरंगे लगाने के साथ ही आकर्षक सजावट की जाएगी और स्पीकर पर देशभक्ति गीत बजाये जाएंगे। उपाध्यक्ष की अपील पर व्यापारियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, सैन्य कर्मियों व 75 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वृद्धजनों के लिए आकर्षक आफर देने की भी घोषणा की है।

लड्डू बांटकर आजादी की खुशियां सांझा

इस मौके पर जश्न-ए-आजादी ट्रस्ट के प्रतिनिधि संजय सिंह ने बताया कि कार्निवल में म्यूजिकल बैंड (बाॅलीवुड, अवधी व भोजपुरी), क्लासिकल व फोल्क डांस, मैजिक और काॅमेडी शो समेत विभिन्न तरह के आयोजन किये जाएंगे। इसके अलावा 75 किलो का लड्डू बांटकर आजादी की खुशियां सांझा की जाएंगी। उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम के अंतिम दिन पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आजादी अमृत महोत्सव के अंतर्गत सर्वेश्रष्ठ प्रदर्शन करने वाली आर0डब्ल्यू0ए, व्यापार मण्डल, संस्थाओं व प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

व्यापारी बोले-तेजी से हुआ काम

बैठक के दौरान व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों द्वारा उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के कार्यों की सराहना की गयी। व्यापार मण्डल अध्यक्ष विनोद पंजाबी ने बताया कि उपाध्यक्ष द्वारा निरीक्षण के दौरान दिये गए आदेशों का शत प्रतिशत अनुपालन हो रहा है। इसके तहत नाले के पत्थर चेंज हो गए हैं व रेलिंग/खम्भों आदि की रंगाई-पुताई का काम लगभग पूरा हो गया है और गोलार्ड भी लगाए जा रहे हैं। साथ ही हजरतगंज कार्निवल की तैयारियां पूरे जोश के साथ चल रही है।

प्राधिकरण कर्मी निकालेंगे तिरंगा रैली

उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा प्राधिकरण के कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक की गयी। उपाध्यक्ष ने बताया कि 13 अगस्त की सुबह 7 बजे प्राधिकरण के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा तिरंगा रैली निकाली जाएगी। इसमें सभी लोग दो पहिया वाहनों पर सवार होकर राष्ट्रीय एकता के नारे लगाते हुए अलग-अलग क्षेत्रों से होकर गुजरेंगे। इसके लिए महिला व पुरूष कर्मियों के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है। बैठक में सचिव पवन कुमार गंगवार, अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, मुख्य अभियंता अवधेश तिवारी, वित्त नियंत्रक दीपक सिंह व विशेष कार्याधिकारी राजीव कुमार एवं देवांश त्रिवेदी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button