विधानसभा में शिवपाल और ब्रजेश पाठक में हुई नोकझोंक, उपमुख्यमंत्री को कह दिया छापामार मंत्री

उत्तर प्रदेश की विधानसभा के बजट सत्र (UP Budget 2023) के पांचवें दिन राज्‍य की मुख्‍य विपक्षी समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के सदस्यों ने....

उत्तर प्रदेश की विधानसभा के बजट सत्र (UP Budget 2023) के पांचवें दिन राज्‍य की मुख्‍य विपक्षी समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के सदस्यों ने स्वास्थ्य विभाग की बदहाली को लेकर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पर निशाना साधा हैं। उनका विरोध करते हुए सपा के लोग अध्यक्ष की कुर्सी के सामने आकर नारेबाजी की।

समाजवादी पार्टी ने स्वास्थ्य विभाग संभाल रहे उपमुख्‍यमंत्री के विरोध में नारे लगाये। प्रदेश विधानसभा में प्रश्नकाल के बाद सपा के वरिष्ठ सदस्य व राष्ट्रीय सचिव शिवपाल यादव ने नियम-56 के तहत स्वास्थ्य महकमें का मामला उठाते हुए कहा कि यूपी की स्‍वास्‍थ्‍य व्‍यवस्‍था दिन प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है।स्वास्थ्य महकमा वेंटिलेटर पर है।

शिवपाल के जवाब में उपमुख्‍यमंत्री ने समाजवादियों पर निशाना साधते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और कहा कि ”समाजवाद से इनका कोई लेना देना नहीं है, ये नकली व ढोंगी समाजवादी हैं, ये लोग अराजकता फैलाते हैं।” पाठक के इतना कहते ही सपा सदस्य नारेबाजी करते हुए विधानसभा अध्यक्ष के सामने आ गये और उपमुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक और सरकार के विरोध में नारे लगाने लगे। इसी बीच उपमुख्‍यमंत्री ने भी सपा के खिलाफ बोलना जारी रखा। हंगामा बढ़ते देख विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उप मुख्‍यमंत्री को बोलने से रोकते हुए बैठने का अनुरोध किया तो वह अपनी सीट पर बैठ गये।

इसके बाद भी कुछ देर तक सपा सदस्य नारेबाजी करते रहे। अध्यक्ष ने चेतावनी के साथ वरिष्ठ सदस्यों से अनुरोध किया तो सपा सदस्य अपनी अपनी सीट पर वापस लौट आये। इसके पहले अपने संबोधन की शुरुआत में ही शिवपाल यादव ने ब्रजेश पाठक पर तंज कसते हुए कहा कि ये पहले कांग्रेस में थे। बसपा से लोकसभा सदस्य और राज्‍यसभा सदस्‍य बने और फिर भाजपा में आकर उपमुख्यमंत्री हो गये। शिवपाल यादव ने बीते दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान समाजवादियों पर पाठक द्वारा की गयी टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कहा कि बीजेपी के लोगों को अटल बिहारी वाजपेयी और दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों पर चलना सीखो। उन्होंने कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।

शिवपाल यादव ने ब्रजेश पाठक को बताया छापामार मंत्री

शिवपाल ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पर तंज करते हुए उन्हें छापामार मंत्री करार दिया। उन्होंने कहा कि कोई इनकी सुनता ही नहीं है। उन्होंने कहा आगे कहा स्वास्थ्य विभाग का पूरा बजट खर्च हो गया होता तो बहुत सारी समस्याएं हल हो जाती। गौरतलब हैं कि गुरुवार को ब्रजेश पाठक ने कहा था समाजवाद की परंपरा को जिन लोगों ने बढ़ाया वे दुनिया छोड़कर चले गये। उनके पास एक फटी धोती भी नहीं थी, लेकिन आजकल नकली समाजवादी लोग हैं, जो लाल टोपी लगाकर अपने को समाजवादी समझते हैं।

सपा राष्ट्रीय सचिव शिवपाल यादव के आरोपों पर उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा की सरकार में अस्पतालों को लूट का अड्डा बनाया गया था। चिकित्सकों से आधा पैसा ले लिया जाता था, और उन्‍हें अस्‍पताल में न आने की छूट दी जाती थी। ब्रजेश पाठक ने आगे कहा अब स्थिति बदली है और प्रतिदिन डेढ़ लाख से अधिक मरीज आते हैं और प्रतिदिन पांच हजार मरीजों का ऑपरेशन होता है।

इस बीच शिवपाल के बयान पर हस्तक्षेप करते हुए संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्‍ना ने कहा कि लोहिया ने हमेशा जाति जोड़ने की बात की, लेकिन आप लोग जाति की बात करते हैं। शिवपाल यादव ने कहा कि लोहिया जी का नारा था- ”पिछड़े पावें सौ में साठ” और हम समाजवादी पार्टी के लोग इसके लिए लड़ाई लड़ेंगे।

 

 

 

 

हैशटैग भारत की हिन्दी वेबसाईटके लिए आप यहां http://www.hashtagbharatnews.com क्लिक कर सकते हैं। आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button