Rape and Murder: दूसरा प्रेमी और जमीन के लालच में अपनी होने वाली पत्नी के साथ दुष्कर्म कर की उसकी हत्या !
लखनऊ कैसरबाग स्थित होटल जस्ट 9 इन में दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या कर दी गई थी। 12 सितम्बर को हुई इस वारदात का पता लगाने में पुलिस के पसीने छूट गए
लखनऊ कैसरबाग स्थित होटल जस्ट 9 इन में दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या कर दी गई थी। 12 सितम्बर को हुई इस वारदात का पता लगाने में पुलिस के पसीने छूट गए। करीब नौ दिन बाद पुलिस ने प्रेमी सुशील और उसके साथी राजेश को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। गिरफ्तार आरोपी सुशील ने पुलिस को बताया कि युवती से उसके छह साल से संबंध थे और शादी भी तय हो गई थी, लेकिन डेढ़ साल से वह नितिन के साथ समय बिता रही थी। नितिन से नजदीकियां बढऩे के कारण सुशील ने युवती की हत्या कर दी थी।
विवाद के बाद दुष्कर्म कर की हत्या
डीसीपी पश्चिम डॉ. एस चनप्पा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुशील आलमनगर बादशाहखेड़ा का रहने वाला है। वहीं, उसका साथी राजेश कुमार सिंह रायपुर राजा इटौंजा का रहने वाला है। बीते 12 सितंबर की रात युवती, सुशील के साथ होटल पहुंची थी। वहां पर कमरा नंबर 924 में रुकी थी। जहां दोनों के बीच विवाद हुआ और सुशील ने दुष्कर्म किया विरोध पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
शव बाथरूम में लोहे के राड से लटका दिया था। वारदात के बाद वह भाग गया था। युवती का दूसरा प्रेमी नितिन निवासी सुशांत गोल्फ सिटी उसी होटल में कमरा नंबर 901 में रुका था। युवती का फोन न रिसीव होने पर वह कमरे में पहुंचा। बाथरूम का दरवाजा भिड़ा था। धक्का देकर खोला तो शव अंदर मिला।
हत्या कर नेपाल फरार हो गया था आरोपी
वहीं सुशील हत्या के बाद भागकर सीधे साथी राजेश के घर पर रुका। फिर वहीं से नेपाल निकल गया था। इसके बाद राजेश की मदद से किसी अधिवक्ता से बात की। सुशील न्यायालय में समर्पण की तैयारी कर रहा था इस बीच उसे इंस्पेक्टर कैसरबाग अजय नारायण सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम राजदेव प्रजापति, सर्विलांस टीम एक्सपर्ट गोविंद व अन्य ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से भूमि से संबंधित दस्तावेज, दो मोबाइल फोन और 560 रुपये बरामद किए गए हैं।
इंस्पेक्टर कैसरबाग अजय नारायण सिंह ने बताया कि युवती ने बीते मई माह में मिश्रीपुर गांव में एक प्लाट खरीदा था। प्लाट के दस्तावेज सुशील के पास ही रखे थे। युवती के कई बार मांगने के बाद भी उसे नहीं दिए थे। सुशील सोचता था कि जब उसकी शादी हो जाएगी तो वह कीमती प्लाट भी उसका हो जाएगा। युवती का नितिन की ओर झुकाव की बात पता चली तो उसे लगा कि प्लाट भी चला जाएगा। यह डर सुशील को सता रहा था। यह भी हत्या की एक वजह है।
हैशटैग भारत की हिन्दी वेबसाईट के लिए आप यहां www.hashtagbharatnews.com क्लिक कर सकते हैं। आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं।