देश की सुदृढंता, सभ्यता और संस्कृति का संदेश दे रहे एलडीए के लगाये स्कल्पचर, देखें तस्वीरें
जी-20 शिखर सम्मेलन और ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में आने वाले मेहमानों के स्वागत में लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा शहर में लगायी...

जी-20 शिखर सम्मेलन और ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में आने वाले मेहमानों के स्वागत में लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा शहर में लगायी गयी मूर्तियां अपनी सुंदरता के साथ ही देश की सुदृढ़ता, सभ्यता और संस्कृति का भी बखान कर रही हैं। खास बात यह है कि इन मूर्तियों को इनमें समाहित संदेश के मुताबिक ही विशिष्ट स्थानों पर स्थापित किया गया है।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रोटरी विकसित करते हुए वहां वीरवर लक्ष्मण जी की प्रतिमा स्थापित की गयी है, जोकि राष्ट्र गौरव का प्रतीक है।
कांस्य से बनी 12 फुट ऊंची और लगभग 1200 किलो वजनी इस प्रतिमा में वीरवर लक्ष्मण जी के रूद्र रूप को दर्शाया गया है। शहर में आने वाले लोग सर्वप्रथम इस प्रतिमा के दर्शन करेंगे। तत्पश्चात एयरपोर्ट से कानपुर रोड की तरफ आने पर ‘फ्लाईंग गर्ल विद अर्थ’ का माॅडल लगाया गया है, जोकि नारी स्वावलम्बन का प्रतीक है।
शहीद पथ-एयरपोर्ट फ्लाईओवर जंक्शन पर ‘कारगिल विजय स्मृति’ का स्कल्पचर
इसी तरह शहीद पथ-एयरपोर्ट फ्लाईओवर जंक्शन पर ‘कारगिल विजय स्मृति’ का स्कल्पचर लगाया गया है, जोकि भारतीय सेना के अदम्य शौर्य और सहास की गाथा कह रहा है। इस क्रम में एलडीए द्वारा विकसित की गयी जी-20 रोड (बंधा रोड) पर आकर्षक हाॅर्टीकल्चर वर्क के बीच स्क्रैप से बनी नृत्य मुद्राओं की कलाकृतियां लगायी गयी हैं, जो भारतीय सभ्यता की झलक दिखाती हैं। आगे इस मार्ग पर वसुधैव कुटुम्बकम का संदेश देता हुआ जी-20 का थ्रीडी लोगो लगाया गया है।
वहीं, जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर-5 के निकट उदयीमान सूर्य के प्रतीकात्मक सात घोड़ों की मूर्तियां लगायी गयी हैं, जिसके ठीक सामने सूर्य नमस्कार की आठ मुद्राओं से भारतीय संस्कृति के दर्शन हो रहे हैं। इसके आगे अंडरपास के निकट की गयी प्लेसमेकिंग में पिंजरे से आजाद होते पक्षियों के रूप में देश के प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक मूल्यों की स्वतंत्रता को दर्शाया गया है।
अंडरपास के दूसरे छोर पर की गयी प्लेसमेकिंग में शंख के माॅडल लगाये गये हैं, जिसके नाद से ही हर मंगल कार्य का शुभारम्भ होता है। इस क्रम में पांच कालीदास मार्ग चौराहे पर राष्ट्रीय पक्षी मोर की आकृति लगायी गयी है तथा समतामूलक चौक पर वायुसेना के पराक्रम को समर्पित जेट विमान का माॅडल लगाया गया है।
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि इसके अतिरिक्त हेरिटेज जोन में बुद्धा पार्क के निकट ‘सन विद योगा’ का माॅडल लगाया गया है, जोकि दुनिया को योग दिवस देने वाले भारत देश का गुणगान कर रहा है।
इस क्रम में टीले वाली मस्जिद के निकट घोड़े के साथ तांगे का माॅडल लगाया गया है, जो नवाबों के शहर की विरासत संजोये है। उन्होेंने बताया कि प्राधिकरण द्वारा शहर के विभिन्न रूटों पर करायी गयी वाॅल पेन्टिंग व म्यूरल भी ऐसी ही खासियतों को सहेजे हैं।
हैशटैग भारत की हिन्दी वेबसाईटके लिए आप यहां http://www.hashtagbharatnews.com क्लिक कर सकते हैं। आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं।