Politics: राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- गांधी के बाद मोदी ने ही लोगों को समझा !
केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने 'द आर्किटेक्ट ऑफ द न्यू बीजेपी : हाऊ नरेंद्र मोदी ट्रांसफार्म्ड द पार्टी' किताब का विमोचन किया। इस अवसर पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग पीएम मोदी की काट खोज रहे हैं लेकिन उन्हें मिल नहीं रही है।
केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ‘द आर्किटेक्ट ऑफ द न्यू बीजेपी : हाऊ नरेंद्र मोदी ट्रांसफार्म्ड द पार्टी’ किताब का विमोचन किया। इस अवसर पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग पीएम मोदी की काट खोज रहे हैं लेकिन उन्हें मिल नहीं रही है। उन्होंने कहा, उनका मानना है कि 2029 के बाद ही उन्हें इस बारे में सोचना चाहिए। मोदी ने पार्टी का विस्तार केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं किया बल्कि वह विचारधारा के फैलाव और देश की सोच में बदलाव के लिए ऐसा करते हैं।
महात्मा गांधी के बाद मोदी ने ही जनता को समझा !
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही ऐसे नेता हैं जिन्होंने जनता की भावनाओं को समझा। उन्होंने यह भी कहा कि वह लोगों से सीधे जुड़ते हैं और बदले में उन्हें लोगों का विश्वास हासिल होता है। उन्होंने कहा कि सांगठनिक क्षमता, जनता से जुड़ाव और उनकी मुश्किलों की जमीनी समझ की वजह से प्रधानमंत्री दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में उभरे हैं। जनता से जुड़े रहिए, सफलता आपके कदम चूमेगी यही प्रधानमंत्री मोदी का मूलमंत्र है। उन्होंने कहा कि उनके अनुसार मोदी के पास जो सांगठनिक क्षमता है, वह किसी दैवीय शक्ति के बिना संभव नहीं है।
मोदी का जनता से है एक भावनात्मक रिश्ता !
राजनाथ सिंह ने कहा कि मोदी का जनता से एक भावनात्मक रिश्ता बन गया है। उनके प्रधानमंत्री बनने से पहले देश में कुछ राज्यों में NDA की सरकार थी। आज इसका विस्तार 16 राज्यों तक हो गया है। इस समय पूरे देश में 1300 से ज्यादा विधायक और 400 से ज्यादा भाजपा के सांसद हैं।
मोदी ने देश को समझा !
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास-सबका प्रयास का प्रधानमंत्री का आह्वान कोई जुमला नहीं है। असल में वह इसी मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के रणनीतिक कौशल की विकास यात्रा कोई एक दिन में नहीं है, बल्कि देश में बरसों प्रवास कर उन्होंने लोगों को जाना है, और देश को समझा है। आमजन की तकलीफें जानी हैं और उनसे बात की है। उन्होंने कहा, जाति और वर्ग की सीमाओं को तोड़ते हुए मोदी ने पार्टी के विस्तार का ऐसा मॉडल बनाया जिसका कोई तोड़ नहीं है।