लखनऊ के लोहिया अस्पताल में फटा ऑक्सीजन सिलिंडर, OPD में अफरातफरी

लखनऊ के लोहिया अस्पताल में बड़ा हादसा हो गया है। बताया जा रहा है कि अस्पताल में ऑक्सीजन सिलिंडर फटने की घटना हुई है। इसकी वजह से वार्ड के शीशे टूट गए। वहीं वार्ड और बाहर धमकाने की आवाज से हड़कंप मच गया। अस्पताल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में ऑक्सीजन सिलेंडर में हुए ब्लास्ट से अफरातफरी मच गई। सोमवार सुबह 10.50 बजे ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना तेज था कि ग्राउंड फ्लोर की OPD में मौजूद मरीजों में हड़कंप मच गया। यह धमाका दूसरी मंजिल के मेडिसिन वार्ड में हुआ।

वार्ड में भर्ती मरीज और उनके तीमारदार भी सकते में आ गए। सभी बाहर निकलने लगे। धमाके के बाद काफी देर तक गैस रिसाव होता रहा। OPD में मौजूद लोग तेजी से बाहर की तरफ भागे। घटना में एक टेक्निशियन को चोट आई है। इसके अलावा कोई कैजुअल्टी नहीं हुई। तेज धमाके के बाद हॉस्पिटल में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।

आउटसोर्स कर्मचारी को चोट

लोहिया संस्थान के प्रवक्ता डॉ.भुवन चंद्र तिवारी ने बताया कि मेडिसिन वॉर्ड में ऑक्सीजन सिलेंडर के वाल्व लगाने के दौरान वाल्व फट गया। इस दौरान राकेश नाम के टेक्नीशियन के हाथ में मामूली चोट आई है। OPD में भगदड़ जैसी स्थिति की जानकारी नहीं है।

मेडिसिन वॉर्ड में हुआ धमाका

लोहिया संस्थान में ओल्ड हॉस्पिटल विंग के दूसरे फ्लोर पर मेडिसिन वॉर्ड है। इसी वार्ड में वॉल्व लगाते समय ऑक्सीजन सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना तेज था कि, जिसने भी सुना, वह बाहर की ओर भागा। कुछ तीमारदार अपने पेशेंट को लेकर निकलते दिखाई दिए।

व्हील चेयर लेकर पहुंचे पिता के पास

अपने पिता का इलाज कराने आए मनोज ने बताया- धमाके से एक आदमी के हाथ में चोट आ गई। कुछ लोग उसे लेकर इमरजेंसी की तरफ भागे। इससे वार्ड में भर्ती मरीजों में भी अफरातफरी मच गई। मेरे पिता भर्ती हैं, मैं हॉल में गया और एक व्हीलचेयर लेकर आया, ताकि पिताजी को बाहर निकाल सकूं। धमाके के बाद काफी देर तक गैस का रिसाव हो रहा था, इससे लोग और डर गए। हालांकि यह ऑक्सीजन था, जिसकी वजह से किसी को कोई परेशानी नहीं हुई। मरीजों ने कहा कि कोई और गैस होती तो हालात बिगड़ जाते।

OPD में भीड़ थी, धमाका सुनकर लोग बाहर भागे

एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार ब्लास्ट के बाद नीचे OPD ब्लॉक में तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके बाद खचाखच भरे OPD हॉल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। भागते समय कुछ लोग गिर भी गए। कुछ ही देर में OPD ब्लॉक खाली हो गया।

लाउड स्पीकर से दी गई सूचना

लोगों में अफरातफरी देखकर हॉस्पिटल प्रशासन ने तुरंत अनाउंसमेंट करना शुरू कर दिया। लोगों से शांत रहने की अपील की गई। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और करीब 15 मिनट बाद OPD का काम फिर से शुरू हो सका।
हैशटैग भारत की हिन्दी वेबसाईट के लिए आप यहां hashtagbharatnews.com क्लिक कर सकते हैं। आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button