#MURDER : घर में घुसकर रेलवे ठेकेदार को मारी गोली ,मच गया हड़कम्प !

पत्नी और बच्चों को बंधक बनाकर रेलवे ठेकेदार की हत्या ,ठेकेदार की कनपटी पर तीन गोलियां दागीं घटना के बाद ठेकेदार के तीनों सुरक्षा गार्ड फरार ।

राजधानी में शनिवार को ताबड़तोड़ गोली मारकर रेलवे ठेकेदार की घर में घुसकर हत्या से हड़कम्प मच गया। कैंट क्षेत्र के निलमथा में नकाबपोश बदमाशों ने पहले पत्नी और बच्चों को बंधक बनाया। इसके बाद रेलवे ठेकेदार की हत्या कर दी। बदमाशों ने तीन गार्डों की मौजूदगी में बिस्तर पर लेटे दिव्यांग ठेकेदार की कनपटी पर तीन गोलियां दागीं, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद तीनों सुरक्षा गार्ड भी भाग गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। कत्ल के पीछे रंजिश की बात सामने आ रही है। वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर भी मौके पर पहुंच गए थे।

कनपटी से सटा कर तीन गोलियां मार दीं

मूलरूप से बिहार के पश्चिमी चम्पारण निवासी 42 वर्षीय वीरेंद्र ठाकुर (Virendra Thakur)  रेलवे में ठेकेदारी करते थे। उनकी सुरक्षा के लिए तीन गार्ड भी तैनात थे। शनिवार दोपहर करीब 12.30 बजे तीन बदमाश बाइक से पहुंचे और गेट खटखटाया। गार्डों के गेट खोलते ही तीनों बदमाश धड़धड़ाते घर में दाखिल हो गए। बदमाशों ने तीनों गार्डों, वीरेंद्र की पत्नी खुशबू, बेटे अंश (2) और ऋषि (8) को कमरे में बंद कर दिया। फिर वे दूसरे कमरे में पहुंच गए, जहां वीरेंद्र बिस्तर पर लेटे थे। बदमाशों ने पहले वीरेंद्र को जमकर पीटा फिर कनपटी से सटा कर तीन गोलियां मार दीं। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

Related Articles

सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी उखाड़ ले गए

हत्या के बाद बदमाश सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी उखाड़ ले गए। पत्नी खुशबू के शोर मचाने पर किराएदारों ने कमरे का दरवाजा खोल कर सबको निकाला। तत्काल कैंट पुलिस को सूचित किया गया।

वीरेंद्र ठाकुर ने की थीं दो शादियां

मूलत बिहार के पश्चिमी चम्पारण निवासी वीरेंद्र ठाकुर ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी प्रियंका और दूसरी पत्नी खुशबू है। प्रियंका के तीन बच्चों अभिषेक, ऋषि और अंश हैं। प्रियंका वर्ष 2021 में घर छोड़ गई थीं। इसके बाद खुशबू ही तीनों बच्चों की देखभाल करती हैं। खुशबू के मुताबिक जुलाई 2019 में वीरेंद्र पर चारबाग में हमला हुआ था। इसमें वीरेंद्र की रीढ़ की हड्डी में गोली लगी थी। वह बेड से उठ नहीं सकते थे। घर पर रह कर फोन से रेलवे का काम करते थे।

दो खोखे बरामद किए

खुशबू के मुताबिक तीन बदमाश मेन गेट से घर में आए, जिन्होंने गार्डों और खुशबू को बच्चों के साथ कमरे में बंद करने के बाद वीरेंद्र की हत्या की है। वारदात के बाद कैंट पुलिस ने वीरेंद्र के कमरे से दो खोखे बरामद किए हैं।

विवाद को भी खंगाला जा रहा

पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने बताया कि वीरेंद्र के सिर और गर्दन में गोली लगने से मौत हुई है। खुशबू ने वीरेंद्र की पहली पत्नी प्रियंका पर संदेह जताया है। इस आधार पर पड़ताल की जा रही है। रेलवे ठेकेदारी के विवाद को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि वीरेंद्र की हत्या में किसी करीबी का हाथ है। वीरेंद्र पर पहले भी हमला हो चुका था। इसके चलते उन्होंने तीन प्राइवेट सुरक्षा गार्ड रखे थे। हत्या के वक्त उन्होंने ही घर का दरवाजा खोला था। हत्या होने के बाद से तीनों सुरक्षा गार्ड भी लापता हैं। पुलिस फुटेज की मदद से संदिग्ध युवकों की तलाश कर रही है। सुरक्षा गार्ड की तलाश में भी टीम लगाई गई है।

बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाया

ज्वाइंट कमिश्ननर पुलिस जेसीपी क्राइम नीलाब्जा चौधरी ने बताया कि बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाया। इसके बाद वीरेंद्र की हत्या की। वीरेंद्र रेलवे की ठेकेदारी करते थे। हत्यारों ने अपनी पहचान छिपाने की भी कोशिश की। वे घर में लगे सीसीटीवी का डीबीआर यानी डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर भी उखाड़ ले गए। शूटरों की तलाश के लिए आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

मोस्ट वांटेड अपराधी

पुलिस के मुताबिक वीरेंद्र रेलवे के स्टैंड के ठेके लेता था। कोलकता से लेकर यूपी तक उसके पास करोड़ों के ठेके थे। वह बिहार पुलिस का मोस्ट वांटेड अपराधी भी था। बिहार में उसके खिलाफ 23 मुकदमे दर्ज थे। लखनऊ के चारबाग स्टेशन के एक ठेके को लेकर 2019 में उसका विवाद हुआ था। वीरेंद्र की हत्या करने आए बदमाश सीसीटीवी में कैद हुए हैं। वारदात का पूरा घटनाक्रम एक घंटा 15 मिनट तक चला।

हनीट्रैप में फंसाया गया

2019 में वीरेंद्र को हनीट्रैप में फंसाया गया था। उसके विरोधी ठेकेदार ने अपनी बेटी से वीडियो कॉल करवाकर उसे हनीट्रैप में फंसाया था। इसके बाद दो लड़कियों को भेजकर उसे चारबाग के होटल में बुलाया गया। वीरेंद्र होटल पहुंचता, इसके पहले ही छोटी लाइन के पास उसे गोली मार दी गई। गोलियां उसकी रीढ़ की हड्डी में लगी और वह अपाहिज हो गया था। इस केस में पुलिस ने दो महिलाओं और गोली मारने वाले एक इंजीनियरिंग छात्र को कोलकाता से गिरफ्तार किया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button